रक्षाबंधन पर सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई, महिलाओं के लिए की बड़ी घोषणाएं

by Manu
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 28 अगस्त 2026: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। यह पवित्र पर्व हमारे पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और रिश्तों की मिठास को और मजबूत करे। सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशियों का संचार हो। उन्होंने बिहार की महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। वर्ष 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। सरकार के मुताबिक इस लक्ष्य को पार करते हुए अब तक 50 लाख से अधिक लोगों को अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अब आगामी विजन के तहत हमारी सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार देकर स्वावलंबी और समृद्ध बनाने का लक्ष्य तय किया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य में एक महिला विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। इस विश्वविद्यालय की खासियत यह होगी कि यहां प्राध्यापक से लेकर कुलपति और अन्य प्रमुख पदों पर महिलाओं की ही जिम्मेदारी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय बेटियों के सपनों को नई दिशा देगा। यहां शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता, कौशल के साथ आत्मविश्वास और ज्ञान के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जाएगा।

रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार की करीब 10 लाख जीविका दीदियों के परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके तहत जीविका दीदियों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जीविका की बहनों ने बिहार की अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित की है। कभी जिन महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को कोई पहचान नहीं मिलती थी आज उन्हीं बहनों के प्रयासों से बिहार की अर्थव्यवस्था में करीब एक लाख करोड़ का योगदान हो रहा है।

ये भी देखे: रक्षाबंधन पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं

You may also like