नई दिल्ली, 17 जुलाई 2026: लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 20 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। शुक्रवार (17 जुलाई) को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा जंतर-मंतर पहुंचे और वांगचुक से मुलाकात की। इससे पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक को लेकर पोस्ट किया था।
वांगचुक और कई युवा संगठन पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी इस मांग का समर्थन किया है। पार्टी ने कहा कि केंद्र सरकार में जवाबदेही की पूरी कमी है, जिसकी वजह से परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और शिवसेना के कई नेता जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल खुद सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाने की मांग की थी। सपा सांसद डिंपल यादव और रुचि वीरा भी वहां पहुंची थीं। शिवसेना की प्रवक्ता सुषमा अंधारे ने भी वांगचुक से मुलाकात की थी।
ये भी देखे: अरविंद केजरीवाल आज जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से करेंगे मुलाकात