प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 को मिली रफ्तार, 262 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृति – नीतीश मिश्रा

by Manu
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0

पटना, 8 जून 2026: बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना-2.0 के अंतर्गत राज्य के 200 लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) परियोजनाओं में योजना के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु (SNA SPARSH) के माध्यम से द्वितीय किस्त के रूप में 262.37 करोड़ रुपये व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस स्वीकृति से राज्य के पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने में सहायता मिलेगी तथा शहरी गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना-2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

राज्य सरकार का संकल्प है कि शहरी क्षेत्रों में निवास कर रहे प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ‘सबके लिए आवास’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने की दिशा में बिहार सरकार निरंतर अग्रसर है तथा यह योजना हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

मिश्रा ने कहा कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना-2.0 का शुभारंभ 1 सितंबर 2024 से किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में निवास कर रहे आवासविहीन तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित, टिकाऊ और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।

उन्होंने बताया कि योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत पात्र परिवारों को उनकी स्वयं की उपलब्ध भूमि पर नए पक्के आवास के निर्माण हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इससे ऐसे परिवार, जो आर्थिक संसाधनों के अभाव में अपना घर बनाने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग प्राप्त होगा।

ये भी देखे: दोषी अधिकारियों पर गिरेगी गाज, मंत्री नीतीश मिश्रा ने फास्ट ट्रैक जांच, फास्ट ट्रैक कार्रवाई के दिए निर्देश

You may also like