थानेसर, 06 अप्रैल 2026: हरियाणा सरकार गेहूं खरीद को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोमवार को पहले पीपली और फिर थानेसर अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने मंडियों में गेहूं खरीद प्रबंधों, गेट पास, बॉयोमीट्रिक व्यवस्था और उठान की स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री ने आढ़तियों, ट्रांसपोर्टरों, अधिकारियों और किसानों से चर्चा की तथा अब तक आई गेहूं, कटे गेट पास और खरीद संबंधी व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी ली।
श्याम सिंह राणा ने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर कोई शिकायत नहीं रहनी चाहिए। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “अनाज मंडियों में शुद्धिकरण, गेट पास और बॉयोमीट्रिक व्यवस्था इसी उद्देश्य से लागू की गई है कि गड़बड़ियां रोकी जा सकें। किसानों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए।”
थानेसर मंडी में जब ट्रांसपोर्टरों की जानकारी ली गई तो अधिकारियों ने कुछ अन्य लोगों के साथ कृषि मंत्री का भी नाम लिया। इस पर श्याम सिंह राणा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मेरे गले मत पा दियो।”
कृषि मंत्री ने कहा, “हर सीजन में उठान की समस्या रहती है। कई ट्रांसपोर्टर टेंडर लेने के बाद घर बैठ जाते हैं, जिससे उठान नहीं होता और मंडियों में जाम लग जाता है। लेकिन अब यह मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
ये भी देखे: करनाल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्जी धान खरीद पर दी चेतावनी, कहा – कई भी बख्शा नहीं जाएगा