चंडीगढ़, 24 मार्च 2026: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शहीद दिवस पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारतीय इतिहास में 23 मार्च का दिन महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। यह दिन हमें महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों द्वारा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का दिया गया संदेश आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है। देश के हित में किया गया प्रत्येक बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाता है। उनके साहस, बलिदान और समर्पण ने देशवासियों को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया और एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखी।
आरती सिंह राव ने कहा कि वर्तमान समय में शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है। केवल उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश की एकता, अखंडता और सामाजिक भाईचारे को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहीदों के परिवारों को संबल और सम्मान प्रदान कर रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे शहीदों के परिवारों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें और उनके सम्मान को कभी कम न होने दें।
आरती सिंह राव ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के नाम सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेंगे।
ये भी देखे: हरियाणा: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने यमुनानगर के नागरिक अस्पताल का किया औचक निरीक्षण