‘कयामत तक बाबरी के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा…’, सीएम योगी का बड़ा बयान

by Manu
CM Yogi

बाराबंकी, 10 फ़रवरी 2026: बाबरी मस्जिद विवाद एक बार फिर गरमा गया है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में ‘बाबरी मस्जिद’ नाम से नई मस्जिद के निर्माण की खबरों के बाद हिंदू संगठन सड़कों पर उतर आए हैं। विश्व हिंदू रक्षा परिषद समेत कई संगठनों ने लखनऊ से मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया है। लखनऊ में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें लिखा है- ‘हुमायूं हम आएंगे बाबरी फिर से गिराएंगे’ और ‘बंटोगे तो कटोगे’।

यह विवाद तब भड़का जब पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर ने 11 फरवरी से मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद जैसी नई मस्जिद का निर्माण शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने दावा किया कि 6 दिसंबर 2025 को इसकी आधारशिला रखी गई थी। इसकी प्रतिक्रिया में हिंदू संगठन 10 फरवरी से मुर्शिदाबाद की ओर बढ़ रहे हैं। गोंडा से दर्जनों गाड़ियों में कार्यकर्ता निकले हैं। वे बनारस होते हुए पश्चिम बंगाल पहुंचने की योजना बना रहे हैं।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुर्शिदाबाद विवाद पर बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को बाराबंकी जिले के श्री राम जानकी मंदिर में दशम श्री हनुमान विराट महायज्ञ एवं श्री रामार्चा पूजन कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी नहीं होगा।

सीएम योगी ने कहा- “यह सरकार जो बोलती है कर के दिखाती है जितना करती है उतना ही बोलती है। हमने कहा था रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे कोई संदेह है? हम आज फिर इस बात को कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी कयामत का दिन तो कभी आना नहीं है इसलिए बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी होना नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा- “जो कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं ऐसे ही सड़ गल जाएंगे कभी वह दिन आने वाला नहीं है। उनके सपने को हम ऐसे ही अपने विरासत को सम्मान देते हुए भारत के गौरवशाली परंपरा को सनातन धर्म की इस परंपरा को जैसे प्रधानमंत्री जी ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रतीक श्रीराम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था ये केसरिया ध्वज हमेशा ही भारत के इस गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा।”

ये भी देखे: उत्तर प्रदेश बजट सत्र शुरू, सीएम योगी ने कहा- संवाद से समाधान, हंगामा नहीं

You may also like