जालंधर, 06 फ़रवरी 2026: जालंधर शहर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं जिसमें सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार लक्की ओबेरॉय रोज की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वे बाहर निकले हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधानगी से जुड़ा विवाद
प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधानगी से जुड़ा पुराना विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर पहले से ही दोनों पक्षों में तीखी बहस और रंजिश चल रही थी। घटना के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक गैंग से जुड़े व्यक्ति जस्स भुट्टर ने पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में उन्होंने खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर पुराने फैसलों और विवादों का जिक्र किया है।
जस्स भुट्टर की पोस्ट में लिखा कि “जब हमने खालसा कॉलेज जालंधर का प्रधान लगाया था तो सबको बता कर लगाया था। आज कुछ लोग उठकर बोलने लगे हैं कि प्रधानगी वापस ले ली जाए। खालसा कॉलेज जालंधर में शेरू ग्रुप की ओर से भाजी तजिंदर सिंह (शेरू भाजी) के होने से ही ऐसा चल रहा है। बाकी सरदार नछत्तर सिंह बेई की ओर से यह हर साल प्रधानगी दी जाती है सारे शेरू ग्रुप से सलाह करके प्रधान बनाया जाता है। और वह जो फेसबुक पर स्टोरी जोड़ी-फोल्डर वाली ने डाली है कि हमारा दोनों प्रधानगी से कोई लेना-देना नहीं है-मैं एक बात साफ कह दूं वीर बुद्धू से हमारा भी कोई लेना-देना नहीं है। जोड़ी प्रधानगी पहले हुई हर साल की तरह वही हमारे खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधान है।”

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी एंगल पर जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।
ये भी देखे: अबोहर तहसील कॉम्प्लेक्स पार्किंग में गोलीबारी, पुरानी रंजिश में युवक की मौत, दो घायल