नई दिल्ली, 04 फ़रवरी 2026: संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘मेरे गद्दार दोस्त’ कहकर संबोधित किया। बिट्टू ने पलटवार में राहुल को ‘देश का दुश्मन’ करार दिया। इस घटना के बाद बीजेपी के सिख नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल पर सिख समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘गद्दार’ शब्द हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए क्योंकि इसका मतलब देश से विश्वासघात होता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी रवनीत बिट्टू के कांग्रेस छोड़ने से नाराज हैं लेकिन सिर्फ इसलिए एक पगड़ी वाले शख्स को गद्दार कहना अस्वीकार्य है। पुरी ने कहा कि संसद में और बाहर चर्चा शालीनता और सभ्य भाषा से होनी चाहिए। उन्होंने इसे सिख समुदाय के लिए संवेदनशील मुद्दा बताया और रवनीत बिट्टू के दादा सरदार बेअंत सिंह के बलिदान का अपमान बताया।
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी राहुल की टिप्पणी को निंदनीय करार दिया। सिरसा ने कहा कि राहुल कभी सिखों को आतंकी बताते हैं कभी देश बांटने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने सिखों के गले में टायर डालकर आग लगाने का काम किया और अखबारों में इश्तहार देकर सिखों को आतंकी बताया। सिरसा ने कहा कि अगर कोई गद्दार है तो गांधी परिवार है जो सिखों के प्रति नफरत रखता है। एक सिख सरदार कभी गद्दार नहीं हो सकता।
ये भी देखे: राहुल गांधी के चीन घुसपैठ वाले बयान पर लोकसभा में हंगामा, राजनाथ सिंह ने जताई आपत्ति