चंडीगढ़ के स्कूलों में बम धमकियों के बाद CCPCR ने जारी की सख्त एडवाइजरी

by Manu
CCPCR

चंडीगढ़, 31 जनवरी 2026: चंडीगढ़ में हाल ही में कई स्कूलों को मिली बम धमकियों और बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (CCPCR) ने स्कूलों की सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने स्कूल प्रबंधन को तुरंत कदम उठाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

एडवाइजरी में कहा गया है कि स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना पूरी पहचान जांच के परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसकी गहन जांच अनिवार्य होगी। बड़े कार्यक्रमों या सालाना आयोजनों के दौरान मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल जरूरी होगा।

आयोग ने स्कूलों से अपील की है कि वे स्थानीय पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखें। कोई भी धमकी भरा संदेश संदिग्ध ईमेल फिशिंग लिंक या विशिंग कॉल मिलने पर बिना देरी पुलिस को सूचित करें। चंडीगढ़ पुलिस और साइबर क्राइम सेल के साथ मिलकर स्कूल प्रिंसिपल शिक्षक स्टाफ और सुरक्षा कर्मचारियों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें आपदा प्रबंधन साइबर सुरक्षा और आपात स्थिति में भीड़ नियंत्रण के तरीके सिखाए जाएंगे।

स्कूलों को अफवाह फैलने से रोकने और केवल सरकारी या प्रशासनिक आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है। छात्रों और अभिभावकों के लिए भी साइबर सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग पर जागरूकता सत्र आयोजित करने को कहा गया है।

CCPCR की चेयरपर्सन शिप्रा बंसल ने चंडीगढ़ प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के सभी विभाग बच्चों के लिए सुरक्षित और डर मुक्त माहौल बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

ये भी देखे: Bomb Threat: चंडीगढ़ में स्कूल को फिर मिली बम से उड़ाने धमकी, जांच जारी

You may also like