पंजाब सदन में चीमा-बाजवा की जोरदार भिड़ंत, स्पीकर को 10 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा सदन

by Manu
चीमा बाजवा

चंडीगढ़, 29 सितंबर 2025: पंजाब विधानसभा के सत्र में आज हंगामा मच गया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हो गई। बहस पंजाब के पुनर्वास मुद्दे पर चल रही थी लेकिन चीमा ने बाजवा पर जमीन खरीद के गंभीर आरोप लगा दिए जिससे सदन का माहौल गरम हो गया।

चीमा ने सदन में खुलेआम कहा कि बाजवा ने गुरदासपुर के फूलां गांव और एक अन्य गांव में धुस्सी बांध से सटी कीमती जमीन हथिया ली है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने बाजवा की इस जमीन को बचाने के लिए ही 1.18 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इतना ही नहीं, चीमा ने यह भी आरोप लगाया कि बाजवा इस जमीन से रेत निकालने का धंधा भी चला रहे हैं।

बाजवा ने खारिज किया आरोप

बाजवा ने इन इल्जामों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने सफाई दी कि जमीन उन्होंने प्राइवेट व्यक्तियों से ही खरीदी है। स्टांप ड्यूटी पूरी चुकाई है और सबकी जानकारी सार्वजनिक है। माइक बंद होने के कारण कुछ देर तो कुछ सुनाई ही नहीं दिया, लेकिन दोनों एक-दूसरे को खुलेआम चैलेंज करते नजर आए। चीमा तो गुस्से में अपनी सीट छोड़कर आगे बढ़ आए।

हंगामे के बीच स्पीकर को बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने माहौल शांत करने के लिए सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र से कांग्रेस ने किया वॉकआउट, प्रताप बाजवा ने सरकार को घेरा

You may also like