मंडी, 04 सितंबर 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के बीच एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। चेहट्टीगढ़ क्षेत्र में स्थित देव काली नाग जी दारल के पवित्र मंदिर को भूस्खलन के कारण भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि देवता ने अपनी प्रजा और क्षेत्र को बड़ी आपदा से बचाने के लिए इस आघात को स्वयं सहन किया। भक्तों का कहना है कि देव काली नाग जी ने अपनी असीम करुणा और त्याग से गांव को भारी तबाही से बचा लिया, भले ही उनका पवित्र निवास स्थान क्षतिग्रस्त हो गया।
यह मंदिर मंडी जिले के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां सदियों से देव काली नाग जी की पूजा-अर्चना की जाती रही है। मंदिर को हुए नुकसान से भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं, लेकिन उनकी श्रद्धा और विश्वास में कोई कमी नहीं आई। भक्तजन इस घटना को देवता के बलिदान और करुणा के प्रतीक के रूप में देख रहे हैं।
इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय लोग एकजुट होकर देवता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं और मंदिर के जल्द से जल्द पुनर्निर्माण की उम्मीद कर रहे हैं।
ये भी देखे: सोलन के ओच्छघाट में पहाड़ से गिरी विशाल चट्टान, सावधानी ने बचाई मकान मालिक की जान