जालंधर: पंजाब सरकार की ‘राइजिंग पंजाब-सुझाव से हल तक’ पहल उद्योग जगत के लिए गेम-चेंजर साबित हो रही है। उद्योग एवं बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत बीते 5 महीनों में उद्योगपतियों को 222 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन राशि दी गई है। इसके साथ ही, राज्य में अब तक 1.14 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित हुआ है, जिससे 4.45 लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने उद्योगों के लिए मंजूरी प्रक्रिया को आसान करते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत अब 45 दिनों के भीतर मंजूरी सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, पुराने लंबित मामलों का निपटारा, प्लॉटों की क्लबिंग-डीक्लबिंग, और लीजहोल्ड को फ्रीहोल्ड में बदलने जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं, ताकि उद्योगपतियों को सहूलियत हो।
अरोड़ा ने यह भी घोषणा की कि साल 2026 में मोहाली में पंजाब निवेश सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जो निवेशकों को आकर्षित करने का एक बड़ा मंच होगा। साथ ही, औद्योगिक फोकल प्वाइंट्स को अपग्रेड करने के लिए 100 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार उद्योगपतियों को सुरक्षित और अनुकूल माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ये भी देखे: पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, संजीव अरोड़ा बने बिजली मंत्री, हरभजन ईटीओ से छिना विभाग