फरीदाबाद में साइबर ठगी: मुंबई कस्टम विभाग के कर्मचारी बनकर शख्स से ठगे एक लाख रुपये

by Manu
साइबर अपराध

फरीदाबाद, 09 अगस्त 2025: फरीदाबाद के सेक्टर-15 निवासी रमेश को साइबर ठग ने मुंबई कस्टम विभाग का कर्मचारी बनकर एक लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने रमेश की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रमेश डीटीपी में चालक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी बेटी को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए 25 जनवरी 2025 को रूस भेजा था। 30 दिसंबर 2024 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई कस्टम विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट से बोल रहा है और उनकी बेटी के रूस जाने के लिए कस्टम ड्यूटी चार्ज देना होगा।

आरोपी की बातों में आकर रमेश ने तीन अलग-अलग लेनदेन में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने उन्हें कथित तौर पर कस्टम विभाग की रसीद भी भेजी। जब रमेश ने रसीद अपने ट्रैवल एजेंट को दिखाई, तो पता चला कि वह फर्जी है। रमेश ने जब ठग के नंबर पर कॉल कर विरोध जताया, तो उसने फोन बंद कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी कॉलों पर भरोसा करने से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें।

ये भी देखे: Cyber Fraud: साइबर ठगों ने दो घंटे रखा डिजिटल अरेस्ट, फिर डराकर ठग लिए 3 लाख रुपये

You may also like