यूपी,28 जुलाई,2025: बच्चों को स्कूल में छोड़कर बस को साइड में खड़ा कर दिया गया। बस के ऊपर हाई टेंशन लाइन के तार जा रहे थे। एक तार टूट कर बस के ऊपर गिर गया। बस के अंदर चालक-परिचालक थे। चालक पहले निकल आया, परिचालक ने बस से कूद कर अपनी जान बचाई।
हाथरस के सासनी में एबीजी गुरुकुलम की बस विजयगढ़ से बच्चों को लेकर स्कूल पहुँची। बच्चों को उतार कर चालक-परिचालक ने बस को स्कूल गेट के बाहर खड़ा कर दिया। उसी दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन की तार टूटकर बस पर गिर गई। जिससे स्कूली बस में आग लग गई। आग लगते ही गेट पर खड़े लोगों में अफरा तफरी मच गई। परिचालक ने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। बस के चारों पहिए जलकर राख हो गए। बस में उस समय बच्चे नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई की सुबह विजयगढ़ से बस संख्या यूपी 86 टी 7751 विद्यार्थियों को लेकर एबीजी गुरुकुलम स्कूल पहुँची। विद्यार्थियों को उतारकर चालक नौहवत सिंह एवं परिचालक पप्पू बस में ही बैठ गए। ड्राइवर नौहवत सिंह कुछ काम से बस में से नीचे उतर आया, लेकिन परिचालक उसी में बैठकर खाना खाने लगा।
अचानक बस के ऊपर झूल रही हाईटेंशन लाइन की तार टूटकर गिर गई, जिससे बस के चारों पहिए जलकर राख हो गए। परिचालक ने बस से कूद कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी मौके पर पहुँचे। उन्होंने लाइन को दुरुस्त कराया। साथ ही फायर ब्रिगेड कर्मी भी मौके पर पहुँचे, उन्होंने आग पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें: UP News: मुख्य सचिव ने पंचायत सहायकों को दिए जरूरी निर्देश