गलियारों में चर्चा! करण भूषण सिंह और प्रतीक भूषण सिंह ने की सीएम योगी से मुलाक़ात

by Nishi_kashyap
सीएम योगी

यूपी,28 जुलाई,2025: यूपी में कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के दोनों बेटों करण भूषण सिंह और प्रतीक भूषण सिंह ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात सीएम आवास पर हुई जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। करण भूषण वर्तमान में कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं, जबकि प्रतीक भूषण गोंडा से विधायक हैं। पिछले दिनों बृजभूषण शरण सिंह की भी सीएम योगी से मुलाकत हुई थी।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, करण और प्रतीक ने सीएम योगी से क्षेत्रीय विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। हालाँकि मुलाकात का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी कि यह मुलाकात औपचारिक थी, लेकिन बृजभूषण परिवार की सक्रियता और प्रभाव को देखते हुए इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से जरूरी माना जा रहा है।

सियासी अटकलों का दौर

बृजभूषण शरण सिंह भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक हैं और पूर्व में रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके बेटों की सीएम योगी से मुलाकात ने यूपी की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बृजभूषण परिवार की राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने की कोशिश हो सकती है वहीं कुछ का कहना है कि करण और प्रतीक को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: कुशीनगर में अवैध धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 महिलाओं समेत आठ लोग गिरफ्तार

You may also like