अंबाला, 9 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। हरियाणा के अंबाला से होकर गुजरने वाली टांगरी नदी का जलस्तर आज बढ़ गया, जिससे नदी के किनारे बसे लोगों में दहशत फैल गई। 2023 की भीषण बाढ़ की यादें ताजा हो गईं, जब नदी ने आसपास की कॉलोनियों और घरों में भारी तबाही मचाई थी।
नदी के किनारे रहने वाले लोग, खासकर महिलाएं, प्रशासन से बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर अपने घर बनाए, लेकिन अब हर बारिश में बाढ़ का डर सताता है। कुछ महिलाओं ने भावुक होकर कहा, “अब तो यहीं मरेंगे।” टांगरी के किनारे बसे लोगों के मन में हमेशा यह डर बना रहता है कि कब नदी उफान पर आएगी और उनका सब कुछ बहा ले जाएगी।
इस मुद्दे पर अंबाला कैंट के SDM ने बताया कि वर्तमान में टांगरी नदी में 7,000 क्यूसेक पानी का बहाव है, और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने नहरी विभाग से बातचीत की पुष्टि की और उम्मीद जताई कि शाम तक जलस्तर कम हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर पानी का बहाव 15,000 क्यूसेक तक पहुंचता है, तो नदी खतरे के निशान को पार कर सकती है।
ये भी देखे: Gujarat Bridge Collapse: गुजरात में महिसागर नदी पर बना ब्रिज टूटा, कई वाहन गिरे, 8 लोगों की मौत