पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न के वेतन में भारी बढ़ोतरी

by Manu
पंजाब सरकार

चंडीगढ़, 01 जुलाई 2025: पंजाब सरकार ने मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का फैसला किया है। अब इंटर्न को हर महीने 15,000 रुपये की बजाय 22,000 रुपये मिलेंगे। सूत्रों के मुताबिक, पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले छात्रों को पहले, दूसरे और तीसरे साल में क्रमशः 76,000, 77,000 और 78,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, सीनियर डॉक्टरों को 92,000, 93,000 और 94,000 रुपये मिलेंगे।

इस फैसले के बाद सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में सामान्य मरीजों के लिए ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर जैसी सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने दावा किया कि अब मरीजों को पहले की तरह सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

दरअसल, जूनियर डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे, और विपक्ष ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। स्वास्थ्य मंत्री ने खुद इस मामले को गंभीरता से लिया और डॉक्टरों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि स्टाइपेंड बढ़ाने का मुद्दा लंबे समय से लंबित था और सरकार के विचाराधीन था। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत डॉक्टरों को बुलाकर चर्चा करने को कहा। इसके बाद वित्त मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी मांगों पर विचार हुआ और स्टाइपेंड बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई।

इसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया। अब मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

ये भी देखे: BIG NEWS: पंजाब सरकार का बड़ा एक्शन, 25 जेल अधिकारियों को किया सस्पेंड

You may also like