बठिंडा, 25 जून 2025: लुधियाना के लक्ष्मण नगर निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्य आरोपित अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाने की प्रत्यर्पण प्रक्रिया तेज हो गई है। बठिंडा पुलिस ने 20 जून 2025 को पंजाब पुलिस के ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (BoI) को विस्तृत रिपोर्ट सौंपकर मेहरों के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग की।
इसके साथ ही, 17 जून 2025 को स्थानीय अदालत से मेहरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी हासिल किया गया। 25 जून 2025 को इंटरपोल ने मेहरों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया, जो उनकी पहचान, स्थान और गतिविधियों की जानकारी साझा करने में सहायक होगा।
कौम दे राखे का मुखिया है अमृतपाल सिंह मेहरों
अमृतपाल सिंह मेहरों कट्टरपंथी संगठन ‘कौम दे राखे’ का मुखिया है, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। बठिंडा की एसएसपी अमनीत कौंडल ने पुष्टि की कि मेहरों ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो क्लिप पोस्ट किए थे, जिनमें धमकी भरे और आपत्तिजनक बयान थे। पुलिस ने उसकी चार इंस्टाग्राम आईडी को भारत में ब्लॉक कर दिया है।
जांच में खुलासा हुआ कि मेहरों ने कंचन कुमारी की तीन महीने तक रेकी की और अपने साथियों जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह, रणजीत सिंह, और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 9 जून 2025 को कंचन को कार प्रचार के बहाने लुधियाना से बठिंडा बुलाया गया, जहां उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। 11 जून को उनकी लाश बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर अदेश यूनिवर्सिटी के पास उनकी कार में मिली।
ये भी देखे: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी की संदिग्ध हालातों में मौत, कार में मिली सड़ी-गली लाश