लुधियाना, 14 जून 2025: लुधियाना जिले के रायकोट उपमंडल कार्यालय में 13 जून 2025 को पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने अचानक छापेमारी की, जिसमें कार्यालय से 24.06 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। यह कार्रवाई स्थानीय विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के पर्सनल असिस्टेंट करमजीत सिंह की शिकायत पर शुरू हुई, जिन्हें भ्रष्टाचार की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान एसडीएम गुरबीर सिंह मौके से फरार हो गए, जबकि स्टेनोग्राफर जतिंदर सिंह को हिरासत में लिया गया।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई रायकोट तहसील के सुक्खाना गांव के एक निवासी की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एसडीएम और उनके स्टेनो जतिंदर सिंह, जो जगरांव के नूरपुरा गांव के निवासी हैं, सरकारी काम के बदले लोगों से भारी रकम की उगाही कर रहे थे।
डीएसपी शिवचंद की अगुआई में विजीलेंस टीम ने करीब दो घंटे तक कार्यालय की गहन तलाशी ली और एक अलमारी से 24.06 लाख रुपये नकद बरामद किए। जतिंदर सिंह इस रकम का स्रोत बताने में असफल रहे, जिसके बाद उन्हें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट) की धारा 7 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। मामला विजीलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, लुधियाना रेंज में दर्ज किया गया है।
ये भी देखे: पंजाब विजीलेंस ब्यूरो द्वारा रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर और उसका साथी गिरफ्तार