Gorakhpur News: गोरखपुर में जीएसटी टीम का छापा, कर चोरी में 40 लाख रुपये बरामद

by Manu
जीएसटी छापा

गोरखपुर, 03 जून 2025: गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने कर चोरी की सूचना पर कई फर्मों पर छापेमारी की। सिद्धार्थनगर के बांसी में सीमेंट और सरिया के कारोबार से जुड़ी एक फर्म की जांच में भारी कर चोरी पकड़ी गई, जिसके बाद फर्म के मालिक से 40 लाख रुपये जमा करवाए गए।

वहीं, गोरखपुर के इस्माइलपुर में खाद्य तेल के व्यापार से जुड़ी एक फर्म पर सोमवार देर रात तक जांच चली। इस फर्म के प्रोप्राइटर पहले प्लास्टिक के ग्लास का व्यापार करते थे, लेकिन बाद में खाद्य तेल का कारोबार शुरू किया। जांच में पता चला कि फर्म ने ई-वे बिल के साथ-साथ बिना जीएसटी नंबर वाले इनवॉइस का इस्तेमाल किया। इसके आधार पर कई दस्तावेज जब्त किए गए।

यह कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 राजेश कुमार सिंह के निर्देश पर हुई। गोरखपुर में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 संजय कुमार के नेतृत्व में ज्वाइंट कमिश्नर उदित नारायण सिंह, डिप्टी कमिश्नर ममता राठौर, असिस्टेंट कमिश्नर राघवेंद्र राय और पुष्पराज चतुर्वेदी की टीम ने जांच की। सिद्धार्थनगर में डिप्टी कमिश्नर आशुतोष पाठक, असिस्टेंट कमिश्नर अमिल शास्त्री और राज्य कर अधिकारी रीना की टीम ने छापेमारी की।
संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को दस्तावेजों का मूल्यांकन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी देखे: UP NEWS: उत्तर प्रदेश में 5 IPS अधिकारियों का हुआ तबादला

You may also like