असम, 03 जून 2025: Northeast Flood: नॉर्थ-ईस्ट भारत में बाढ़ से लाखों लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। बाढ़ और भूस्खलन से 36 लोगों की जान जा चुकी है। वही इस क्षेत्र के कई राज्यों में 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पूर्वोत्तर में बाढ़ और भूस्खलन के कारण सबसे अधिक 11 मौतें असम में हुई हैं, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में 10, मेघालय में छह, मिजोरम में पांच, सिक्किम में तीन और त्रिपुरा में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम के 22 जिलों में बाढ़ से 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। वही मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। असम में 15 नदियां उफान पर हैं। एक रक्षा अधिकारी के अनुसार, सिक्किम के छत्तन में एक सेना शिविर में भूस्खलन के कारण तीन सैनिकों की मौत हो गई है और छह सैनिक लापता हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक लखीमपुर जिले का दौरा किया और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मौसम विभाग ने कहा कि असम में ज्यादातर सामान्य बारिश होने की संभावना है, हालांकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
मणिपुर में बाढ़ के हालात
मणिपुर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में 3365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 19 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इनमें से ज्यादातर इंफाल ईस्ट इलाके में बनाए गए हैं।
ये भी देखे: हरियाणा में बाढ़ नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण कदम, 15 अप्रैल तक तैयार होगा प्रस्ताव