यमुनानगर, 23 मई 2025: हरियाणा के यमुनानगर की एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला को मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग ने महिला के संपर्क में आए परिवार के सदस्यों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि महिला राधा स्वामी सत्संग में गई थी। इसके बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी और उन्हें मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके नमूने लिए गए और वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उन्होंने बताया कि महिला सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसके संपर्क में आए सभी लोगों के नमूने लिए जा रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए दिए गए सभी निर्देश इस मामले में भी लागू होंगे। महिला के संपर्क में आए सभी लोगों को 15 दिनों के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। उनके नमूने लिये जायेंगे।
सिविल सर्जन ने लोगों से कोरोना के मद्देनजर भीड़भाड़ से बचने की अपील की। मास्क पहनें, बार-बार हाथ धोएं। उन्होंने कहा कि खांसी, जुकाम व बुखार लगातार बना रहे तो जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि इस समय चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सावधानी बरतने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: कैथल में सफाई को लेकर आक्रोश! महिलाओं ने किया सड़क जाम