पंजाब में फिरौती रैकेट का पर्दाफाश, पुलिस ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

by Manu
पंजाब पुलिस

चंडीगढ़, 19 अप्रैल 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्य को सुरक्षित बनाने की मुहिम के तहत पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

शनिवार को डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एजीटीएफ ने 24 साल के लवजीत सिंह को गिरफ्तार किया, जो फरीदकोट के बरगाड़ी का रहने वाला है। यह युवक खुद को विदेशी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का भाई बताकर एक स्थानीय ऑटोमोबाइल शोरूम मालिक से 1 करोड़ रुपये की उगाही करने की कोशिश कर रहा था और न देने पर मालिक और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

फिरौती कॉल मिलने पर तुरंत पंजाब पुलिस को करें सूचित : डीजीपी गौरव यादव

डीजीपी यादव ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला कि लवजीत ने पंजाब पुलिस से बचने के लिए वर्चुअल नंबरों और सोशल मीडिया ऐप्स का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपाई। उन्होंने लोगों को फर्जी फिरौती कॉलों से सावधान रहने को कहा, क्योंकि कई अपराधी गैंगस्टरों का नाम लेकर डर का फायदा उठा रहे हैं, जबकि उनका कोई संबंध इन गिरोहों से नहीं होता। उन्होंने अपील की कि फिरौती कॉल मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

एडीजीपी (एजीटीएफ) ने बताया कि शोरूम मालिक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर लवजीत का ठिकाना ढूंढा और उसे मोहाली से गिरफ्तार किया। आगे की जांच में उसके अन्य अपराधों और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

एजीटीएफ के एआईजी गुरमीत चौहान ने बताया कि लवजीत सोशल मीडिया का दीवाना था और शानदार जीवनशैली की चाहत ने उसे अपराध की ओर धकेला। वह वर्चुअल नंबरों और एन्क्रिप्टेड ऐप्स का उपयोग कर अपनी पहचान छुपाता था।
इस मामले में पंजाब के सोहाना पुलिस स्टेशन, एसएएस नगर में 17 अप्रैल 2025 को बीएनएस की धारा 308(2) और 351(2) के तहत एफआईआर नंबर 94 दर्ज की गई है।

ये भी देखे: पंजाब: हरजोत बैंस ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से नंगल शहर को लेकर की बड़ी मांग

You may also like