नेपाल में हिंसा के बीच अमृतसर के 92 तीर्थयात्री फंसे, भारतीय एजेंसियां निकासी में जुटीं

by Manu
Nepal Protest

चंडीगढ़, 11 सितंबर 2025: नेपाल की राजधानी काठमांडू में जेन-जी (Gen-Z) आंदोलन के कारण भड़की हिंसा ने पूरे देश में अशांति फैला दी है। इस बीच, पंजाब के अमृतसर से एक बड़ी खबर सामने आई है। अमृतसर से 3 सितंबर को 92 तीर्थयात्रियों का एक जत्था नेपाल के लिए रवाना हुआ था। यह जत्था 6 सितंबर को जनकपुर धाम, फिर काठमांडू और पोखरा पहुंचा था। लेकिन 8 सितंबर से नेपाल में बिगड़ते हालात के कारण उनकी वापसी मुश्किल हो गई।

हिंसा, कर्फ्यू और आगजनी के माहौल में जत्थे ने 10 सितंबर की रात को अंधेरे में यात्रा कर भैरहवा सीमा तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि, उन्हें सीमा पर रोक दिया गया। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने कड़ी निगरानी शुरू कर दी है और आने-जाने वालों की सख्त जांच की जा रही है।

भारतीय एजेंसियां नेपाल में फंसे सभी भारतीय नागरिकों की सूची तैयार कर रही हैं और प्राथमिकता के आधार पर उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास कर रही हैं। नेपाल में हिंसा के कारण कई शहरों, जैसे काठमांडू, बीरगंज, भैरहवा, बुटवल, पोखरा, इटहरी और दमक में कर्फ्यू लगाया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

ये भी देखे: Nepal Protest: नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों में 24 की मौत, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

You may also like