86 वर्षीय महिला से 20 करोड़ की ठगी, जालसाज ने खुद को बताया CBI अधिकारी

by Manu
86 वर्षीय महिला से 20 करोड़ की ठगी

मुंबई, 20 मार्च: मुंबई में 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिला से दो महीने में 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह ठगी 26 दिसंबर 2024 से 3 मार्च 2025 के बीच हुई। आरोपियों ने महिला को घर में रहने के लिए मजबूर किया और हर तीन घंटे में फोन कर उसकी लोकेशन लेते रहे। इस दौरान महिला से अलग-अलग तरीकों से पैसे ऐंठे गए। साइबर पुलिस ने जांच के दौरान उन बैंक खातों की पहचान की, जिनमें यह धन स्थानांतरित किया गया था। पुलिस ने महिला के 77 लाख रुपये निकालने पर रोक लगा दी है।

शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिला को फोन किया और कहा कि उनके आधार कार्ड का उपयोग कर एक बैंक खाता खोला गया है, जिसका इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया गया है। उसने महिला को जांच के नाम पर घर में रहने का निर्देश दिया और परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार करने की धमकी दी।

इस घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला के घर पर काम करने वाली सहायिका ने उनके व्यवहार में बदलाव देखा और इस बारे में उनकी बेटी को बताया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

ये भी देखे: 30 मार्च को नागपुर में पीएम मोदी का दौरा, RSS मुख्यालय जाएंगे मोदी

You may also like