फर्रुखाबाद, 18 जुलाई 2025: फर्रुखाबाद में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस कई दिनों से इस आरोपी की तलाश में थी।
घटना के अनुसार, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की रिश्तेदारी में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र गई थी। 27 जून की सुबह उसे वहां से अगवा कर लिया गया। इसके बाद उसका दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। 28 जून को उसका शव मैनपुरी जिले के भोगांव कोतवाली क्षेत्र के गांव देवीपुर के पास मिला था। इस मामले में गांव पखना के 55 वर्षीय मनु को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मनु पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक हरीश चंदर ने बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मनु मोहम्मदाबाद क्षेत्र में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन मनु ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। एसपी ने बताया कि 50 हजार का इनामी अपराधी मनु दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित था। वह पहले भी नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बना चुका था। पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुराग जुटाए थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
ये भी देखे: UP Encounter: मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी शूटर शाहरुख पठान मुठभेड़ में ढेर