जालंधर सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 3 मरीजों की मौत, ऑक्सीजन प्लांट था बंद

by Manu
जालंधर सिविल अस्पताल

जालंधर, 28 जुलाई 2025: जालंधर सिविल अस्पताल में रविवार देर रात ऑक्सीजन प्लांट में खराबी के कारण मरीजों को ऑक्सीजन की सप्लाई रुक गई। इस वजह से ट्रॉमा वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऑक्सीजन प्लांट नंबर 2 का कंप्रेसर खराब हो गया था, और दूसरा प्लांट पहले से ही बंद था, जिसके बारे में सिविल अस्पताल प्रशासन को जानकारी ही नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक डॉ. राज कुमार और सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. विनय आनंद मौके पर पहुंचे। डॉ. राज कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को सौंपेगी। डॉ. विनय आनंद ने कहा कि प्लांट में तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों में एक सांप के काटने से प्रभावित महिला, एक ड्रग ओवरडोज का मरीज और एक टीबी का मरीज शामिल थे।

इस बीच, देर रात पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना ने अस्पताल की लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं, और लोग अब जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

ये भी देखे: जालंधर-पठानकोट हाईवे भीषण सड़क हादसा, ड्राइवर की मौके पर मौत

You may also like