चंडीगढ़, 27 मार्च 2026: वेरका ब्रांड के दूध पाउडर के सैंपल फेल होने के मामले में पंजाब सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सरकार ने लुधियाना मिल्क प्लांट के जनरल मैनेजर दलजीत सिंह समेत तीन अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। यह आदेश शुक्रवार को मिल्कफेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल गुप्ता ने जारी किया।
दरअसल, भारतीय सेना को सप्लाई किए गए वेरका दूध पाउडर के सैंपल जांच में फेल पाए गए थे। सैंपल में बाहरी कण मिलने के बाद करीब 125 मीट्रिक टन की खेप को क्वालिटी मानकों पर खरा न उतरने के कारण वापस कर दिया गया था।
सेना की ओर से जारी नोटिस में सैंपल 7 दिनों के अंदर ले जाने को कहा गया था, अन्यथा उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा और कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विवाद बढ़ने के बाद विभाग ने फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित कर दी है।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि दो सैंपल फेल हुए हैं। वेरका अपने स्तर पर जांच कर रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो फूड सप्लाई विभाग भी अलग से जांच करेगा।
ये भी देखें: सेना द्वारा वेरका मिल्क पाउडर रिजेक्ट करने पर सुखजिंदर रंधावा ने सरकार को घेरा, मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की