Delhi School Bomb Threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक के बाद एक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। अब तक 11 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरे ईमेल और कॉल मिले हैं। इनमें दक्षिणी दिल्ली के तीन स्कूल भी शामिल हैं। धमकी देने वालों ने संसद पर हमले के लिए फांसी पर चढ़ाए गए आतंकवादी अफजल गुरु का नाम भी लिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक कुल नौ स्कूलों में बम धमाके की धमकी भरे कॉल आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। संबंधित स्कूलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौके पर दिल्ली पुलिस के साथ दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वॉड) की टीमें तैनात कर दी गई हैं। सभी स्कूल परिसरों की गहन जांच की जा रही है।
धमकी वाले कॉल सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच प्राप्त हुए। पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले नंबरों और ईमेल आईडी की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी भी स्कूल में विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन जांच पूरी तरह सतर्कता के साथ चल रही है।
दक्षिणी दिल्ली में जिन तीन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें कुछ नामी प्राइवेट स्कूल शामिल हैं। धमकी में अफजल गुरु का जिक्र होने से पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
ये भी देखे: दिल्ली के स्कूलों में फिर बम की धमकी, DPS द्वारका समेत कई संस्थानों में हड़कंप