नई दिल्ली, 2 अप्रैल : गुजरात के बनासकांठा के नजदीक डीसा में मंगलवार सुबह एक पटाखा फैक्टरी में बॉयलर फटने से 21 मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात में एक पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में 21 श्रमिकों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा नियम लागू किए जाने चाहिए तथा जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। राहुल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के बनासकांठा में एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कई श्रमिकों की मौत और कई के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा, ‘‘इस हादसे की तुरंत जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अक्सर ऐसी फैक्टरी में आग और धमाकों की घटनाएं होती हैं, और रोजी-रोटी कमाने निकले गरीब मजदूर अपनी जान गंवा बैठते हैं।
सभी हंडिया गांव के रहने वाले
बताया गया है कि हादसे के शिकार सभी मृतक और घायल मजदूर मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया गांव के रहने वाले हैं। सभी मजदूर दो दिन पहले ही मजदूरी के लिए वहां पहुंचे थे। देर शाम तक मृतकों की पहचान की जा रही थी। हादसे के बाद जांच से पता चला है कि कंपनी के मालिक के पास सिर्फ पटाखे बेचने का लाइसेंस था। उसे पटाखे बनाने की इजाजत नहीं थी। लेकिन लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करके फैक्टरी में पटाखे बनाए जा रहे थे। बाहर से विस्फोटक लाकर फैक्टरी में पटाखे बनाए जा रहे थे।