नई दिल्ली, 25 मार्च 2025: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रस्तावित नए आयकर विधेयक पर संसद के आगामी मानसून सत्र में चर्चा होगी। लोकसभा में वित्त विधेयक 2025 पर बहस का जवाब देते हुए उन्होंने यह जानकारी दी। समिति को संसद के अगले सत्र के पहले दिन तक अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
मानसून सत्र में पेश होगा विधेयक
वित्त मंत्री ने कहा, “हम नए आयकर विधेयक को मानसून सत्र में पेश करेंगे।” संसद का मानसून सत्र आमतौर पर जुलाई में शुरू होता है और अगस्त तक चलता है। यह विधेयक आयकर कानून को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सीतारमण ने जोर देकर कहा कि सरकार का मकसद करदाताओं के लिए प्रक्रिया को आसान करना और कर विवादों को कम करना है।
नए आयकर विधेयक की खासियतें
आयकर विभाग के मुताबिक, नया आयकर विधेयक 1961 के मौजूदा आयकर अधिनियम की तुलना में आधे आकार का है। इसमें शब्दों की संख्या 5.12 लाख से घटाकर 2.6 लाख कर दी गई है। धाराओं की संख्या भी 819 से कम होकर 536 रह गई है, जबकि अध्यायों को 47 से घटाकर 23 किया गया है। नए विधेयक में 57 तालिकाएं शामिल हैं, जो मौजूदा 18 से ज्यादा हैं। इसके अलावा, 1,200 प्रावधान और 900 स्पष्टीकरण हटाए गए हैं, ताकि कानून को सरल और स्पष्ट बनाया जा सके।
विपक्ष ने उठाए सवाल
वित्त विधेयक 2025 पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने सरकार से कई सवाल किए। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पूछा कि क्या यह विधेयक वास्तव में आम करदाता के हित में है या सिर्फ बड़े कॉरपोरेट्स को फायदा पहुंचाने के लिए लाया गया है। जवाब में सीतारमण ने कहा कि यह विधेयक सभी वर्गों के लिए फायदेमंद होगा और इसे तैयार करने में व्यापक विचार-विमर्श किया गया है।
ये भी देखे: इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल, वजह जाने?