नई दिल्ली, 13 मार्च: दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक ब्रिटिश महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोस्त वसीम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है।
ब्रिटेन की रहने वाली यह महिला हाल ही में भारत आई थी और महाराष्ट्र व गोवा में छुट्टियां मना रही थी। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर कैलाश से दोस्ती की। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और महिला ने कैलाश को अपने साथ यात्रा करने के लिए कहा। लेकिन कैलाश ने मना कर दिया और उसे दिल्ली आने की सलाह दी।
महिला मंगलवार को दिल्ली पहुंची और महिपालपुर के एक होटल में ठहरी। इसके बाद उसने कैलाश को मिलने के लिए बुलाया। कैलाश अपने दोस्त वसीम के साथ होटल पहुंचा। महिला का आरोप है कि इसी दौरान कैलाश ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
अगली सुबह दर्ज कराई शिकायत
दुष्कर्म की यह घटना बीती रात हुई, जिसके बाद अगली सुबह महिला ने हिम्मत जुटाकर वसंत कुंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वसीम के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है।
ब्रिटिश महिला दुष्कर्म: ब्रिटिश उच्चायोग को दी गई सूचना
दिल्ली पुलिस ने घटना की जानकारी ब्रिटिश उच्चायोग को दे दी है और उनकी ओर से पीड़िता को हर संभव मदद दी जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
ये भी देखे: मोहाली में पार्किंग विवाद के दौरान वैज्ञानिक की पीट-पीटकर हत्या